रविवार, 5 अप्रैल 2026

समय की कमी: छात्रों के लिए एक डिजिटल चुनौती



आज के तेज़ और अत्यधिक जुड़े हुए दौर में छात्रों के बीच समय की कमी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। यह इसलिए नहीं कि समय कम हो गया है, बल्कि इसलिए कि ध्यान लगातार बंट रहा है। हाल के अवलोकनों के अनुसार, छात्र प्रतिदिन लगभग 4 से 6 घंटे डिजिटल उपकरणों पर बिताते हैं , जिनमें से करीब 30–40% समय गैर उत्पादक गतिविधियों जैसे सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग और शॉर्ट वीडियो देखने में व्यर्थ हो जाता है। वहीं दूसरी ओर, शैक्षणिक दबाव इतना बढ़ चुका है कि छात्रों को 6–8 घंटे स्कूल और कोचिंग में देने पड़ते हैं, जिससे पुनरावृत्ति, आराम और व्यक्तिगत विकास के लिए बहुत कम समय बचता है। यह असंतुलन एक गहरी समस्या की ओर इशारा करता है। छात्रों के पास समय की कमी नहीं है, बल्कि वे उसके उपयोग पर नियंत्रण खो रहे हैं।


इस बदलाव में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आज के अधिकांश ऐप्स ऐसे एल्गोरिदम पर आधारित हैं जो कि उपयोगकर्ता की आदतों को समझकर उन्हें लंबे समय तक जोड़े रखने के लिए सामग्री प्रस्तुत करते हैं। जो कुछ मिनट का ब्रेक लगता है, वह कब घंटों में बदल जाता है, इसका पता ही नहीं चलता। तकनीकी विशेषज्ञ ट्रिस्टन हैरिस के अनुसार, ये प्लेटफॉर्म मानव ध्यान के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। छात्रों के लिए इसका मतलब है कि उनका कीमती समय अनजाने में ही खर्च हो जाता है, जिससे उन्हें हमेशा लगता है कि समय कम पड़ रहा है।


इस स्थिति को समझने के लिए रिया का उदाहरण महत्वपूर्ण है, जो एक हाई स्कूल की छात्रा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। पूरे दिन पढ़ाई और कोचिंग के बावजूद वह अपने असाइनमेंट समय पर पूरा नहीं कर पाती थी। जब उसने अपने दिनचर्या का विश्लेषण किया, तो पाया कि वह रोज़ाना लगभग 2.5 घंटे मोबाइल पर बिता रही थी। स्क्रीन टाइम कम करने और एक निर्धारित समय-सारणी अपनाने के बाद कुछ ही हफ्तों में उसकी उत्पादकता बढ़ी और तनाव कम हुआ। यह उदाहरण आज के कई छात्रों की वास्तविकता को दर्शाता है


सर्वेक्षण भी इसी प्रवृत्ति की पुष्टि करते हैं। 60% से अधिक छात्र नियमित रूप से टालमटोल (procrastination) करते हैं, जबकि लगभग 50% छात्र खराब समय प्रबंधन के कारण खुद को तनावग्रस्त महसूस करते हैं। शोध यह भी बताते हैं कि जो छात्र एक व्यवस्थित अध्ययन योजना का पालन करते हैं, वे अन्य छात्रों की तुलना में 20–25% बेहतर प्रदर्शन करते हैं। यह स्पष्ट करता है कि समय प्रबंधन और सफलता के बीच सीधा संबंध है, लेकिन डिजिटल विचलनों के कारण इसे बनाए रखना कठिन होता जा रहा है।


अत्यधिक डिजिटल उपयोग का एक बड़ा प्रभाव ध्यान केंद्रित करने की क्षमता पर पड़ता है। लगातार छोटे और मनोरंजक कंटेंट देखने से दिमाग लंबे और जटिल कार्यों पर ध्यान लगाने में कमजोर हो जाता है। छात्र तुरंत संतुष्टि पाने की आदत विकसित कर लेते हैं, जिससे पढ़ाई कठिन और बोझिल लगने लगती है। इसका परिणाम होता है देरी, अंतिम समय का दबाव और बढ़ता हुआ तनाव, जो समय की कमी की भावना को और मजबूत करता है।


इस समस्या का समाधान जागरूकता और सही प्रयास में है। छात्रों को यह समझना होगा कि हर स्क्रीन टाइम उपयोगी नहीं होता और छोटे-छोटे बदलाव बड़े परिणाम ला सकते हैं। अनावश्यक मोबाइल उपयोग को सीमित करना, प्राथमिकताओं को स्पष्ट करना और दैनिक योजना बनाना संतुलन स्थापित करने में मदद कर सकता है। यदि कोई छात्र प्रतिदिन केवल एक घंटा भी डिजिटल विचलन कम कर दे, तो वह साल भर में 365 से अधिक अतिरिक्त उत्पादक घंटे प्राप्त कर सकता है। अंततः, समय की कमी वास्तविक नहीं है बल्किसमस्या उसके गलत उपयोग की है। यदि छात्र अपने ध्यान पर नियंत्रण पा लें, तो समय उनके लिए तनाव का कारण नहीं, बल्कि सफलता का एक मजबूत साधन बन सकता है।


    लेखक - अभय प्रताप सिंह 

        संस्थापक - लेखनशाला

                           रायबरेली

गुरुवार, 5 फ़रवरी 2026

एकता कप क्रिकेट प्रतियोगिता में फॉरेस्टर 11 का शानदार प्रदर्शन

 रायबरेली : लेखनशाला संस्था द्वारा आयोजित एकता कप क्रिकेट प्रतियोगिता में फॉरेस्टर 11 के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।




मैच में फॉरेस्टर 11 के बल्लेबाज़ों और गेंदबाज़ों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए विरोधी टीमों को कड़ी टक्कर दी। खिलाड़ियों के जोश और जज़्बे से मैदान में रोमांचक माहौल बना रहा। आयोजन समिति और दर्शकों ने टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।


फॉरेस्टर 11 और पटेल स्पॉटिंग क्लब के मध्य खेले गए इस मुकाबले में फॉरेस्टर 11 के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में फॉरेस्टर 11 की गेंदबाज़ी बेहद प्रभावशाली रही, जिसके चलते पटेल स्पोर्टिंग क्लब की पूरी टीम मात्र 45 रनों पर सिमट गई।


वहीं फॉरेस्टर 11 की बल्लेबाज़ी भी उतनी ही दमदार रही। टीम की ओर से ब्रजेश पटेल ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए छक्कों की बरसात कर दी, जबकि दल बहादुर यादव ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट झटके और विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया।


लेखनशाला संस्था द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना रहा, जिसमें फॉरेस्टर 11 की टीम ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

मंगलवार, 22 दिसंबर 2020

Hindi poem on childhood-बचपन की कविता/सीताराम चौहान पथिक


Hindi poem on childhood

Hindi-poem-childhood


       

बचपन ।। 




बच्चों में मैं बच्चा बन कर , 

बचपन को  दोहराता  हूं । 

खूब खेलता बच्चों के संग , 

मैं बच्चा  बन  जाता  हूं ।। 


झूठ- मूठ के नाना व्यंजन , 

गुड़िया के संग खाता  हूं  । 

नन्हे  बर्तन  जब  बिखराती , 

क्रम  से  उन्हें सजाता   हूं ।। 


गुड़िया घर  की  राजकुमारी, 

हॄदयासन पर  शासन करती । 

उसकी  आज्ञा का उल्लंघन , 

डांट - डपटती, भाषण करती 


गुड़िया की इक नन्ही गुड़िया, 

झाड़- पोंछ कर उसे सजाती। 

गुड्डे राजा  दूल्हा बन  जाते  , 

नन्ही गुड़िया दुल्हन बन जाती  


ठुमुक ठुमुक कर राजा चलता  

पीछे  नन्ही  गुड़िया  रानी  । 

इक दिन अपनी गुड़िया की , 

हा, बन  जाएगी यही कहानी 


यही सोच भावुक हो जाता , 

जाने  कब बचपन खो जाता । 

गुड़िया आती - माटी खाती  , 

मुझे खिलाती, शिशु हो जाता 


दोनों खूब चहकते दिन भर, 

थोड़ी  माटी मैं  भी  खाता । 

अपने बीत  गए बचपन  को , 

गुड़िया में पाकर मैं मुस्काता । 

Hindi -poem- childhood
 सीताराम चौहान पथिक



  

Bachpan par hindi kavita- कोई लौटा दे मेरा बचपन/ कल्पना अवस्थी

Bachpan par hindi kavita

Bachpan-par-hindi-kavita

कोई लौटा दे मेरा बचपन

 हर तरफ फैला बस खुशियों का तराना था

 सबसे प्यारा वह बचपन का जमाना था ।

मां की गोद थी, पापा का प्यार था

 दादी की सीख थी,अपनों का संसार था

 कहां फंस गए समझदारी के जाल में

 वह बचपन हर दुख से अनजाना था

 हर तरफ फैला बस खुशियों का तराना था।

 दादी की कहानी सुनकर ही रातों को नींद आती थी 

सुबह-सुबह मां की मीठी आवाज जगाती थी 

हमारे हर काम के लिए मां का पीछे दौड़ना 

पापा का ले जाकर स्कूल छोड़ना

 सालों बीत गए, जल्दी सोए हुए

 सुबह की भाग दौड़ में खुद को खोए हुए

 खड़े हैं ऐसे रास्ते पर कि, बचपन तो याद ही आना था

 सबसे प्यारा वह बचपन का जमाना था।

जो चीज पसंद हो बस वही चाहिए 

सही हो तो गलत और गलत हो तो सही चाहिए 

खुश करने के लिए हमें, वह चीज ला देना

 अपने हाथों से तोड़कर मां, का रोटी खिला देना 

अब तो जो मिल जाए पसंद है, खुद को समझा लेते हैं

 बीत गया वो वक़्त, जब जिद पूरी करवा लेते थे

 बहुत वक्त बीत गया मां तेरे हाथ से खाए हुए

 लिखते हुए इस कविता को आंसू है आए हुए

 पता नहीं मां का प्यार था, या स्वादिष्ट वह खाना था 

सबसे अच्छा वह बचपन का जमाना था ।

ठंडी में ठंड लग जाएगी,मां होती परेशान थी 

गर्मी से बाहर क्यों गई इस बात से हैरान थी

 जरा सी चोट पर मैं, घर में कोहराम मचा देती थी

 चींटी मर गई तेरे गिरने से यह बात समझा देती थी 

तब से आज तक बस हर दर्द पर मुस्कुरा देती हूं 

अब तो नन्ही 'कल्पना' नही  समझदार सी बेटी हूं 

गुजारिश है वक्त से मेरी आज की, 

सबकुछ ले लो मेरा, पर बचपन लौटा दो

 थक गई है समझदारी से अब 

बेबसी, घुटन व लाचारी से अब

 उस बचपन की याद को 'कल्पना' को रुला जाना था

 सबसे अच्छा वह बचपन का जमाना था।

Bachpan-par-hindi-kavita
कल्पना अवस्थी


Nafrat ki aag-नफ़रत की आग/संपूर्णानंद मिश्र

Nafrat ki aag

 नफ़रत की आग

Nafrat-ki-aag
Nafrat ki aag


नफ़रत की आग 

 लिए क्यों बैठे हो 

आपदा में भी 

इतने क्यों ऐंठे हो 

 सीने में खंज़र 

भोंकने की ख्वाहिशें

 अब भी पाले हो

कोरोना में भी 

ज़हर घोल डाले हो 

रंजिशों की बीजों को 

  सतत बोते गए 

 स्वजनों को 

निरंतर खोते गए 

सियासत की दरिया

 में बहुत डूब लिए 

अब कुछ जन-मानस के

लिए भी जी लीजिए 

दुर्दिन में माहुर देकर 

मारना कहां की रीति है

सदियों से भी अपनी 

यह नहीं नीति है

 अदावत अपनी जगह ठीक है 

 विपक्ष के लिए ठोस लीक है

लेकिन आज सब मिलकर 

देश के साथ खड़े हो जाएं 

और इस महामारी 

 को कुचलकर

 प्रेम- गीत गा जाएं!

Nafrat-ki-aag
लेखक के बारे मे जाने


संपूर्णानंद मिश्र

प्रयागराज फूलपुर

7458994874

karm aur karmaphal-कर्म और कर्मफल/आशा शैली

karm aur karmaphal

कर्म और कर्मफल

 एक दिन सुबह सवेरे ही कर्म और भाग्य के सम्बंध पर विचार कर रही थी और आज ही फल सामने आ गया। उन दिनों मैं जब हिमाचल में थी तभी मैंने तय किया था कि नवोदितों की सहायता अवश्य करूँगी। यह निर्णय आकाशवाणी पर हुई टांग खिंचाई के कारण लिया गया। तब मैं लगभग नवोदित ही थी। यानि आकाशवाणी और दूरदर्शन से अपरिचित।

अपने इस संकल्प के चलते जब, जहाँ हो सका नयी प्रतिभाओं को मंच के निकट लाने का प्रयास किया। हालांकि मैं अकिंचन स्वयं कुछ भी नहीं, फिर भी साहित्य के क्षेत्र में इतना लम्बा मार्ग तय कर चुकने के बाद ऐसे कुछ लोग अवश्य ही हैं जो सगर्व मेरा नाम भी लेते हैं। परन्तु उस दिन का जैसा सुखद कभी अनुभव नहीं हुआ।

हुआ कुछ यूँ कि मेरे नगर लालकुआँ में ही मेरे पड़ोस का ही बच्चा शाश्वत अरोरा, पता नहीं कब से कलम घिसाई कर रहा था। मैं शाश्वत के डॉक्टर पिता से दवा लेने कभी-कभार जाती थी। एक दिन वे कहने लगे

"दीदी, ये मेरा बेटा है, शाश्वत! देखिए ज़रा इसकी डायरी।"

मैं ने देखकर कहा, "कुछ सुनाओ।" तो बच्चे ने माँ पर लिखी कविता सुनाई। बहुत हल्के सुधार की आवश्यकता थी, मुझे अच्छा लगा। 

अब वो अक्सर रचना मुझे दिखाता तो मैंने देखा, तुकान्त और भाषा की दृष्टि से बहुत कम त्रुटियाँ होतीं। ऐसे एक बंधु मेरे पास और भी हैं जिनका नाम सत्यपाल सिंह 'सजग' है पर उनकी बात फिर कभी। आज का दिन शाश्वत अरोड़ा के हिस्से।

karm- aur- karmaphal
कालिंजर सम्मान से सम्मानित मध्य में आशा शैली


तो मित्रो! हुआ यूँ कि, जैसे ही पूजा से निवृत हुई, गया जी से शाश्वत का फोन आया। शाश्वत उन दिनों गया जी में मगध विश्वविद्यालय में कोई प्रशिक्षण ले रहा था। परन्तु मुझे इस बात का पता नहीं था। वह जब घर आता तो चाहे थोड़ा ही समय हो मेरे पाँव छूने आ जाता। मुझे लगा शाश्वत घर आया है। मैंने पूछ लिया, "कब आए तुम?"

"नहीं आँटी। मैं अभी गया जी में ही हूँ। पर मैं आप को गया जी अपने कॉलेज की तरफ से निमंत्रण दे रहा हूँ। हमारे कॉलेज में २२ दिसम्बर को कवि सम्मेलन है। और मेरे हाँ कहने के बाद थोड़ी ही देर में मेरे फोन पर टिकट भी आ गया। सच! बता नहीं सकती कि क्या मिला, खुशी या आत्मतुष्टि।

पढ़े: साहित्य जगत का नन्हा जुगुनू

थोड़ी देर बाद फिर फोन आया, "आंटी आप नहीं जानते, आज मैं कितना खुश हूँ। आप ने हाँ कर दी, मुझे सबकुछ मिल गया। मुझे याद है पहला मंच मुझे आप ही ने दिलाया था। मैं बहुत खुश हूँ। " 

मैंने कहा, "मैं भी बहुत खुश हूँ शाश्वत। ऐसे बच्चे किसे मिलते हैं?"

समय पर शाश्वत अपने एक मित्र के साथ स्टेशन पर खड़ा था मुझे लेने के लिए। थोड़ी देर में ही मगध विश्वविद्यालय का गेट सामने था। गेट पर नज़र पड़ते ही मुझे लगा मैं हवा में उड़ रही हूँ। वह वहाँ बॉयज़ हॉस्टल में रह रहा था। हॉस्टल में मेरे लिए कमरा खाली कराया गया था और शाश्वत की कुछ मित्र लड़कियाँ मेरे लिए समय दे रही थीं। मेरी हर सुविधा का ध्यान रखना जैसे उनका पूजा कर्म हो। 

शायद उनके कॉलेज का वार्षिक अधिवेशन था। कार्यक्रम दूसरे दिन रात के समय था। मेरे एक परिचित कवि *संजय विज्ञात* भी पानीपत से आये थे शाश्वत के निमन्त्रण पर। शाश्वत ने एक ई-रिक्शा की व्यवस्था कर दी थी, जिससे हम लोग गया जी के सभी मन्दिरों में दर्शन कर आये। 

कवि सम्मेलन में अधिक नहीं, स्थानीय कवियों को मिलाकर कुल ग्यारह प्रतिभागी थे। शाश्वत हुमक हुमक कर अपने प्राध्यापकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों को मेरा परिचय गुरू माँ कहकर दे रहा था। मन भीग रहा था संतुष्टि के मेंह में। कवि सम्मेलन शुरू हुआ। दिसम्बर की रात, खुला पण्डाल, चारों ओर से आक्रमण करती हवा। नियमानुसार कविगण माइक पर पूरी तरह कब्जा करने के लिए कटिबद्ध। मेरा नम्बर अंत में ही आना था, अध्यक्ष होने का यह लाभ भी तो मुझे ही मिलना था।

पण्डा लगभग खाली हो चुका था, शाश्वत भी परेशान हो रहा था। छात्र छात्राओं के समूह इधर-उधर अलाव जलाए बैठे थे, अब अध्यक्ष को भी अपना धर्म निभाना था। माइक मेरे हाथ में था और मैं खाली पंडाल को देख रही थी। दो-चार शब्द धन्यवाद के बोल कर मैंने ग़ज़ल पढ़नी शुरू की। इतनी सर्दी के बाद भी गले ने साथ दिया 

"आज महकी है चाँद रात ग़ज़ल हो जाए

क्यों भटकने लगे जज्बात, ग़ज़ल हो जाए।

और मैंने देखा, छात्रों के टोल भागते हुए आ रहे हैं। देखते ही देखते पण्डाल फिर से हर गया। अब बहुत से छात्र खड़े भी थे। कुर्सियों पर जगह नहीं थी।

दूसरे दिन छात्र मुझे बता रहे थे कि "मैम! आप को सुनने के लिए तो हम सारी रात जाग सकते हैं। 

अगले दिन स्थानीय कवि मुकेश सिन्हा अपने भाई के साथ मिलने आए। अपने प्यारे से कविता संग्रह और मीठी गंजी के साथ। और मैंने भीगी आँखों से शाश्वत से उस समय के लिए विदा ली। आज शाश्वत एक अच्छे पद पर पटना में है। खुश रहो बच्चे।

सोमवार, 21 दिसंबर 2020

Awadhi kavya-वह तौ सब आजु सपन होइगा/ इन्द्रेश भदौरिया

Awadhi kavya  

वह तौ सब आजु सपन होइगा


Awadhi-kavya


रिसियाउरि दाली का दुलहा 

अब कहूँ पनेथी बनत नहीं।

दलभरिया पूरी बनत नहीं 

दलभरी कचउरी बनत नहीं।

अब कढ़ी फुलौरी बेसन की 

औ पना सना ना कोउ जानत।

जो बनै मेथउरी कुम्हड़उरी 

नहिं उनका कोऊ पहिचानत।

दाली का दुलहा लोनबरिया 

गुलगुलुवो आज दफन होइगा।

वह तौ सब आज सपन होइगा। 


भरता भउरा कूकुर कउरा 

अब गूर कै गोटी न देखात।

चना का ह्वारा मटर का ह्वारा 

आलू का ह्वारा न देखात।

गुर के गुलगुलुवो न देखात 

अब तौ सगपहितौ न देखात।

घुँइया के बण्डा न दैखात 

पत्तन का सँहिड़ा न देखात।

बेझरा कै रोटी सोनु भई 

गुरुभउरो क्यार हरन होइगा।

अब तौ सब आजु सपन होइगा। 


हर ज्वाठ सरावनि बैल कहाँ 

नहिं अब रहकला देखाय परै।

मड़नी भूसा खरिहान कहाँ 

लड़िहौ अब नहीं देखाय परैं।

खुरपा हँसिया कुदरी बैंती 

नहिं  खंता कतौं देखाय परैं।

पटुवा सनई जोंधरी मकरा 

बजरौ नहिं कतौं देखाय परैं।

अब पहिले वाले ठाठ कहाँ 

सबकुछ तौ बबुरी बन होइगा।

वह तौ सब आजु सपन होइगा। 


अब हँसुली टँड़िया कड़ाबन्द 

औ पाँय गोड़हरा न देखात।

अब मेहररुवन की पीठी पर 

नागिन जस चोटी न देखात।

अब नाक मा टोर्रा ना देखात 

कानन मा ऐरन ना देखात।

वह लहँगा चुनरी न देखात 

औ कुर्ती बण्डी ना देखात।

वी पावन वाले पउला का 

नामों निसान दफन होइगा।

वह तौ सब आज सपन होइगा। 


पेंहटा पेंढ़कुआ मकोइया सब 

पिछुवारे करुवा गायब है।

सावाँ क्वादौ औ पथरचटा 

औ मोथ सरपतौ गायब है।

झरबेरी औ क्वाकाबेली 

सब ताल तलइया गायब है।

पहिले वाला सब चाल चलन 

औ खानौ पान खतम होइगा।

वह तौ सब आजु सपन होइगा। 

Awadhi-kavya


    इन्द्रेश भदौरिया रायबरेली